ऋषिकेश-नगर निगम ऋषिकेश की बोर्ड बैठक मे हुआ चमत्कार, 40 पार्षदो मे 23 की अनुपस्थिति के बावजूद बजट किया पास
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – 23 पार्षदों की अनुपस्थिति में नगर निगम की बोर्ड बैठक में 48 करोड़ का बजट पास कर लिया गया है। इसके साथ ही बोर्ड बैठक में मौजूद पार्षदों के सभी प्रस्ताव भी पास कर दिए गए।
रविवार को नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में महापौर अनिता ममगाईं की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बोर्ड बैठक में पार्षदों की संख्या बल कम होने के बावजूद भी बोर्ड बैठक की कार्रवाई शुरू हुई। इसमें नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वी रियाल ने नगर निगम की धारा 90 तीन का हवाला देकर बोर्ड बैठक शुरू करने की घोषणा की। सर्वप्रथम बोर्ड बैठक में बजट के प्रस्ताव पर चर्चा की गई चर्चा के बाद सर्वसम्मति से 48 करोड़ का बजट पास कर दिया गया। जबकि पूर्व में हुई बोर्ड बैठक में बजट के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया था। बोर्ड बैठक में संख्या बल कम होने से बजट सहित मौजूद पार्षदों के प्रस्ताव बिना किसी वाद विवाद के पास कर दिए गए। जबकि माना जाता है कि किसी भी प्रस्ताव को पारित करने के लिए सदन में बहुमत का होना जरूरी है। लेकिन नगर निगम की बोर्ड बैठक में मात्र 17 पार्षदों की मौजूदगी में सभी प्रस्तावों की स्वीकृति पर मुहर लगा दी गई। महापौर अनिता ममगाईं ने कहां की पिछली बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि बजट के प्रस्ताव को लेकर रविवार को फिर से बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी। इसपर भी अगर कोई पार्षद बोर्ड बैठक में नहीं आया है तो यह उसका अपना विवेक है। बोर्ड बैठक में पार्षद जगत नेगी, सुरेंद्र मोगा, शौकत अली, अजीत गोल्डी, भगवान सिंह, रूपा देवी, अनीता रैना, राकेश मियां, देवेंद्र प्रजापति, लक्ष्मी रावत, मनीष शर्मा, मनीष मनवाल, गुरविंदर सिंह, राजेंद्र बिष्ट, विनय बडोनी, विपिन पंथ, ज्योति अशोक पासवान आदि मौजूद थे।
