ऋषिकेश- बसंत पंचमी को होगी बद्रीनाथ के कपाट खुलने की तिथि घोषित

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि बसंत पंचमी मंगलवार को नरेन्द्रनगर राजदरबार में तय होगी। इसी दिन तेलकलश( गाडू घड़ा यात्रा) का दिन भी निश्चित होगा। इसको लेकर देवस्थानम बोर्ड द्वारा तैयारिया की जा रही हैं।
बीते शनिवार शाम को देवस्थानम बोर्ड के धर्माचार्यो ने श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में गाडू घड़ा डिमरी केंन्द्रीय पंचायत के सुपुर्द किया।पूजा अर्चना के बाद घड़े को लेकर पंचायत प्रतिनिधि श्री योगध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर पहुंचे। आज प्रात: पूजा-अर्चना के बाद गाडू घड़ा श्री नृसिह मंदिर जोशीमठ होते हुए श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर डिम्मर पहुंचेगा। देवस्थानम् बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि 15 फरवरी सुबह तेलकलश डिम्मर से प्रस्थान कर शाम को देवस्थानम बोर्ड के चंद्रभागा ऋषिकेश स्थित धर्मशाला पहुंचेगा। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर देवस्थानम बोर्ड के अधिकारी, बदरीनाथ के रावल, धर्माधिकारी सहित डिमरी पंचायत के प्रतिनिधि राजदरवार नरेंद्र नगर को प्रस्थान करेंगे। सुबह गाडू घड़ा राजदरबार के सुपुर्द होगा। तेल कलश यात्रा की तिथि के दिन तिलों के तेल का यह कलश भगवान बदरीविशाल के कपाट खुलने के शुभ मुहुर्त पर श्री बदरीनाथ धाम पहुंचेगा। इस अवसर पर गाडू घड़े के साथ जयंती प्रसाद डिमरी, संजय डिमरी, विनोद डिमरी, आशुतोष डिमरी, पंकज डिमरी सहित डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत पदाधिकारी, पुजारी परमेश्वर डिमरी आदि मौजूद रहे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News