ऋषिकेश- उत्तराखंड में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक वन विभाग प्रशासन ने किया रेड अलर्ट जारी

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – उत्तराखंड में बर्ड फ्लू के दस्तक देने के बाद प्रदेश सरकार ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है । प्रदेश में मृत मिले कौओं के दो सैंपलों की जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें एक सैंपल देहरादून और दूसरा कोटाबाग (नैनीताल) का है। इस सबको देखते हुए वन महकमे ने राज्य में बर्ड फ्लू को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही जानता के लिए भी गाइडलाइन जारी की गई है। सोमवार को 127 पक्षी विभिन्न स्थानों पर मृत मिले। इसके साथ ही अब तक मृत पाए गए पक्षियों की संख्या बढ़कर 469 पहुंच गई है। दूसरी तरफ, पशुपालन राज्यमंत्री रेखा आर्य ने बर्ड फ्लू के मद्देनजर मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाई है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पिछले कुछ दिनों से पक्षियों के मृत मिलने से यहां भी बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही थी। वन विभाग ने मृत मिले आठ कौओं के सैंपल जांच के लिए भोपाल की फॉरेंसिक लैब भेजे थे। इनमें से दो की रिपोर्ट सोमवार शाम शासन को मिली। देहरादून और कोटाबाग के सैंपलों की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की बात सामने आई। पशुपालन राज्यमंत्री रेखा आर्य ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभी तक जितने भी पक्षी मृत पाए गए, वे पालतू नहीं हैं। इन पक्षियों को नष्ट करने आदि में पशुपालन विभाग की ओर से वन विभाग को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी। राज्य में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद वन महकमे ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत के अनुसार इस कड़ी में सभी जिलों में एक-एक डीएफओ को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ.रावत के मुताबिक जनसामान्य के लिए जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि यदि कहीं कोई पक्षी मृत पाया जाता है तो न कोई उसे उठाए और न छूने का प्रयास करे। वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दें और वही इन्हें कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से नष्ट करेगी। उधर, राज्यभर में पक्षियों के मृत पाए जाने का क्रम भी जारी है। सोमवार को ढकरानी, छिद्दरवाला, देहरादून, ऋषिकेश समेत विभिन्न स्थानों पर 127 पक्षी मृत मिले। इनमें सर्वाधिक 85 देहरादून के भंडारी बाग में पाए गए। सचिवालय में आयुष अनुभाग के पास भी एक कबूतर मृत मिला है ।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News