ऋषिकेश एम्स ने कोविड 19 की रोकथाम के लिए ग्रामीण क्षेत्रो में चलाया जागरूप अभियान।

ऋषिकेश अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सोशियल आउटरीच सेल की ओर से भारत सरकार के उन्नत भारत अभियान के तहत कोविड19 की रोकथाम के लिए विभिन्न गांवों में जनजागरुकता मुहिम सततरूप से जारी है।
मंगलवार को उन्नत भारत अभियान के तहत कोविड19 के प्रति जनजागरुकता मुहिम के लिए क्षेत्र के पांच गांवों थानो, रानीपोखरी, श्यामपुर, गंगाभोगपुर व रायवाला गांव को चिह्नित किया गया है। अब तक चार गांवों के लोगों को कोविड 19 से बचाव के लिए जागरुक किया गया। इसके साथ ही संबंधित ग्रामसभाओं को एम्स आउटरीच सेल की ओर से सेनिटाइजर एवं मास्क का वितरण भी किया गया। अभियान से जुड़े सदस्यों ने ग्रामीणों को बताया कि वह कोरोना वायरस से संबंधित जानकारियां, शंकाएं एवं बचाव के उपायों के बाबत जागरुकता कार्यक्रमों के लिए कभी भी आउटरीच सेल से संपर्क स्थापित कर सहयोग ले सकते हैं।
इस मौके पर एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि संस्थान का आउटरीच सेल के द्वारा गांव-गांव तक कोरोना के लिए जनजागरुकता मुहिम चलाकर लोगों को इस महामारी के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कोविड19 के बाबत उचित व सही जानकारी देना है।
आउटरीच सेल के नोडल ऑफिसर डा. संतोष कुमार ने बताया कि संबंधित गांवों के लोगों ने एम्स ऋषिकेश द्वारा उन्नत भारत अभियान के तहत चलाई जा रही जनजागरुकता मुहिम की सराहना की है। उन्होंने बताया कि गांवों को आत्मनिर्भर बनाने व ग्रामीणों को जागरुक करने के लिए आईआईटी दिल्ली व काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च सीएसआईआर की ओर से विभिन्न प्रोजेक्ट्स बनाए गए हैं।
इस अवसर पर गंगाभोगपुर की प्रधान बबीता देवी, रानीपोखरी प्रधान सरिता देवी,श्यामपुर प्रधान संगीता थपलियाल, थानो की प्रधान रेखा बहुगुणा,गौहरीमाफी रायवाला प्रधान रोहित नौटियाल के अलावा एम्स आउटरीच सेल से जुड़े डा.भीमदत्त सेमवाल, डा.नवीन,हिमांशु,विकास सजवाण आदि मौजूद थे।
