ऋषिकेश- उत्तराखंड में कोरोना का बढ़ने लगा कहर, 309 नये मरीज मिले, 3 मरीजो की मौत

देहरादून । लगता है कोरोना का स्वरूप फिर घातक होने लगा है। क्योंकि कोरोना संक्रमण के मामले बढऩे के साथ ही संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बुधवार को भी प्रदेश में कोरोना से तीन मरीजों की मौत हुई है। इनमें से दो मरीजों ने एम्स ऋषिकेश में और एक मरीज ने हल्द्वानी मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दम तोड़ा है। वहीं कोरोना संक्रमण के 309 नए मामले मिले और 434 पुराने मरीज ठीक हुए हैं। वायरस का संक्रमण दर 12.70 फीसद रहा। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 1790 हो गई है। देहरादून में सबसे अधिक 1013, नैनीताल में 238 और हरिद्वार में 172 एक्टिव केस हैं।
इस साल प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 98782 संक्रमित मामले मिल चुके हैं। इनमें से 93194 (94.34 फीसद) लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ्य हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण से इस साल अब तक 297 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज अलग—अलग लैबों से 2433 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिनमें 309 की रिपोर्ट पॉजीटिव व 2124 की निगेटिव आई। देहरादून में सबसे अधिक 162 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा नैनीताल में 58, हरिद्वार में 17, रुद्रप्रयाग में 14, अल्मोड़ा में 12, पौड़ी में 11, ऊधमसिंहनगर में 10, बागेश्वर में आठ, टिहरी व चंपावत में आठ-आठ, पिथौरागढ़ में चार और चमोली में तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उत्तरकाशी में कोरोना का नया मामला नहीं मिला है। इधर, विभिन्न जिलों से 2843 सैंपल कोरोना जांच को लैब भेजे गए।

%d bloggers like this:
Breaking News