ऋषिकेश- वन बंधु परिषद जरूरतमंद बच्चों को एकल विद्यालय के माध्यम से करेगी शिक्षित

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- वन बंधु परिषद की राष्ट्रीय महिला समिति जरूरतमंदों के बच्चों को शिक्षित किए जाने के लिए एकल विद्यालय के माध्यम से निशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अभियान चलाएगी।
वन बंधु परिषद महिला समिति की महामंत्री विनीता जाजू ने वानप्रस्थ आश्रम में चल रहे परिषद के दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान पत्रकारों को बताया कि उनकी संस्था भारत के चार लाख गांव में अभी तक एक लाख एकल विद्यालयों के माध्यम से वन क्षेत्रों में पेड़ों के नीचे बैठकर जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा देकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा किए जाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ उनकी संस्था द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के बच्चों का पूरी तरह स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उन्हें निशुल्क चिकित्सा और दवाइयां भी उपलब्ध करवाती है। अभी तक उनकी संस्था छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश ,झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात के आदिवासी क्षेत्रों के अतिरिक्त उत्तराखंड राज्य में भी एकल विद्यालय चला रही है। उनकी संस्था एकल विद्यालय के अंतर्गत 5 आयामों को ध्यान में रखकर अपनी योजनाओं जिसमें शिक्षित भारत, स्वस्थ भारत ,समर्थ भारत, स्वावलंबी भारत के अलावा संस्कारित भारत मिशन को आगे बढ़ा रही है। संस्था अपने पांच आयामों के अतिरिक्त सूचना के अधिकार के तहत प्रत्येक नागरिक को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किए जाने और ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत गांव का विकास किए जाने के मिशन को भी बढा रही है। संस्था मैं अभी तक 33 शहरों से 170 महिलाएं उनकी योजना को बढ़ाने में सहयोग कर रही है। जिसके अंतर्गत बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देकर उन्हें देश दुनिया में होने वाली नई तकनीकी से भी अवगत करा रही है। संस्था किसी भी सरकार से योगदान नहीं लेती। सदस्यों के माध्यम से ही इस संस्था को चला रही है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान संस्था के कार्य प्रणाली को और गति दिए जाने के लिए मंथन करेगी जिसमें भविष्य के कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News