ऋषिकेश- नरेंद्रनगर डौर मोटर मार्ग बंद करने पर ग्रामीणों ने दी अनिश्चितकालीन चक्काजाम की चेतावनी
त्रिवेणी न्यूज 24
नरेंद्रनगर – नरेंद्रनगर डौर मोटर मार्ग जो कि विगत एक माह से अधिक समय से आर्मी द्वारा पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। आर्मी के खिलाफ क्षेत्र के 6 गांव के ग्रामीणों ने आगामी तीस दिसंबर को अनिश्चितकालीन चक्का जाम करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर को लिखित रूप से ज्ञापन सौंपा है। विगत कई वर्षों से नरेंद्रनगर के समीपवर्ती आधा दर्जन गांव के ग्रामीण नरेंद्रनगर डौर मोटर मार्ग से अपने गांवों को जाते हैं। लेकिन विगत एक माह से अधिक समय से आर्मी के द्वारा आर्मी क्षेत्र से लगी सड़क को बंद करने से जहां बीमार, बुजुर्ग सहित स्कूली बच्चों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क को खोलने के लिए प्रशासन को लिखित रूप में अवगत कराया है । वहीं सरकार से भी सड़क खोलने की गुहार लगाई है। लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिससे ग्रामीणों के हाथ अभी तक हताशा ही लगी है। आक्रोशित 6 गांव के ग्रामीणों ने उप जिला अधिकारी नरेंद्र नगर को ज्ञापन सौंपकर 30 दिसंबर से पुलिस लाइन मनोरंजन ग्रह के पास आर्मी रोड पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी दी है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने कहा कि जहां एक ओर देश में सैनिकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान दिया जा रहा है वहीं नरेंद्रनगर स्थित आर्मी के व्यवहार से समस्त ग्रामवासी परेशान है। यहां तक कि उन लोगों को अपने घर तक नहीं जाने दिया जा रहा है। उन्होंने शासन प्रशासन से शीघ्र ही नरेन्द्रनगर-डौर मोटर मार्ग को खोलने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि आर्मी कैंप यहां पर बाद में स्थापित हुआ है जबकि यह रोड पहले से ही आम जनता के लिए बनाई गई है। उन्होंने आर्मी के कर्नल पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पूर्व भी आर्मी कैंट में कई कर्नल आए हैं जिनका जनता के साथ बहुत ही अच्छा व्यवहार था। मगर वर्तमान कर्नल की तानाशाही से क्षेत्रीय लोग परेशान हैं। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान डौंर बीना देवी, ग्राम प्रधान औंणी रविंद्र सिंह, विक्रम सिंह कैंतूरा, अरविंद पुंडीर, प्रवीन रावत, भाग सिंह, राकेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, मदन सिंह, मूर्ति राम, सुरेश सिंह आदि कई ग्रामीण शामिल थे।
