ऋषिकेश- उत्तराखंड मे आज कोरोना के 8 नये मरीज मिले, 31 मरीज स्वस्थ हुए, देहरादून में दो क्षेत्र माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – उत्तराखंड में बीते 24 घंटे में आठ नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। 31 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 157 हो गई है। जबकि बुधवार को प्रदेश में 180 सक्रिय मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार को 6928 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। नौ जिलों बागेश्वर,चमोली, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी में एक भी संक्रमित मरीज नहीं मिला है। वहीं देहरादून में पांच, अल्मोड़, हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर में एक-एक संक्रमित मरीज मिला है।
लंबे समय बाद देहरादून में फिर दो क्षेत्र माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जिले में इंदिरा गांधी नेशनल एकेडमी ओल्ड हॉस्टल एफआरआई और जी-2 बी-19 तिब्बतन कॉलोनी सहस्त्रधारा रोड कुल्हाल में कोरोना संक्रमित मिलेने पर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को उक्त क्षेत्रों में कांटेक्ट ट्रेसिंग व प्रभावी सर्विलांस कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सधिकारी को इन क्षेत्रों में सैंपलिंग कार्य कराते हुए इसकी नियमित मॉनिटरिंग कराने व जिला पूर्ति अधिकारी को उक्त क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्यान्न की आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से मास्क का उपयोग करने व बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की है।
