ऋषिकेश- सैनिक कल्याण एवं उद्योग विकास मंत्री गणेश जोशी ने किया राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – सैनिक कल्याण एवं औद्योगिक विकास मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कोविड-19 की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने के साथ ही पिछले 1 माह से बंद ओपीडी को शुक्रवार से आमजन के लिए खोले जाने और पांच वेंटिलेटर देहरादून से मंगा कर चालू किए जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
गुरुवार को गणेश जोशी ने राजकीय चिकित्सालय में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से चिकित्सालय में डॉक्टरों सहित वेंटिलेटर संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों ऋषिकेश को प्राप्त 5 वेंटिलेटर जिन्हें देहरादून मंगा लिया गया था, उन्हें तत्काल ऋषिकेश भेजे जाने के साथ शुरू किए जाने के लिए निर्देशित भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री व क्षेत्रीय सांसद रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय को जो वेंटिलेटर तथा उपकरण खरीदे जाने के लिए 60 लाख रु. की धनराशि दी गई है, उससे तत्काल सभी उपकरण खरीद लिए जाए। यहां पर जो स्टाफ की कमी है ,उसे तत्काल उपनल के माध्यम से नियुक्त किया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कई दिनों से बंद ओपीडी को गरीब लोगों की सहायता को देखते हुए तत्काल चालू किया जाए। जिससे मरीज प्राइवेट चिकित्सालय में न जाएं। राज्य सरकार के सख्त निर्देश है, कि चिकित्सालय में आने वाले किसी भी मरीज को असुविधा का सामना न करना पड़े, उनका उपचार तत्काल किया जाए। इसी को देखते हुए यहां किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि फिर भी कोई कमी रह जाती है। तो वह प्रदेश के मुख्यमंत्री से तत्काल इस संबंध में बातचीत कर उसका समाधान करेंगे। इस अवसर पर सीएमओ एके डिमरी, उप जिलाधिकारी वरुण चौधरी, भाजपा मंडल के अध्यक्ष दिनेश सती, संजय व्यास, संदीप गुप्ता,पार्षद शिव कुमार गौतम सहित अन्य नगर निगम पार्षद व भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

%d bloggers like this:
Breaking News