ऋषिकेश-चोरी की 6 मोटरसाइकिल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार,एक साथी की तलाश में जुटी पुलिस
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – कोतवाली पुलिस ने चोरी की 6 बाइक के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि कई दिनों से शहर में दोपहिया वाहनों की चोरी होने की वारदात हो रही हैं। शिकायत मिली तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। जांच में स्थानीय एक युवक के चोरी में शामिल होने की जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर युवक को पुलिस ने मनसा देवी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। बताया आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6 बाइक बरामद की है। जिसमें तीन बाइक कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई है। जबकि तीन बाइकों के संबंध में जांच की जा रही है। मामले में आरोपी का एक दोस्त भी शामिल बताया जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी की पहचान नीतीश कुमार पुत्र कृष्ण पाल निवासी श्यामपुर मूलनिवासी बड़ोद यूपी और आरोपी के दोस्त के पहचान रोहित पुत्र सुखराम पाल निवासी बड़ोद के रूप में हुई है।
