ऋषिकेश- सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को पुलिस देगी एक लाख तक का इनाम
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – पुलिस द्वारा एक बड़े अभियान के तहत उत्तराखंड में अब सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को पुलिस एक लाख रुपए तक का इनाम देगी ।
आये दिन सड़कों पर एक्सीडेंट होते रहते हैं और एक्सीडेंट में प्रतिदिन होने वाली मौतों में सबसे ज्यादा वो लोग अपनी जान गवा देते हैं जिनको सही समय पर उपचार नहीं मिल पाता है । भारत में ही एक दिन में सैकड़ों लोग सड़क दुर्घटना में अपनी जान गवा बैठते हैं। अब ऐसे में उत्तराखंड पुलिस द्वारा एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में अब सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को पुलिस एक लाख रुपये तक का ईनाम देगी। इसके लिए रोड सेफ्टी फंड के तहत दो करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सड़क दुर्घटना होने पर कई दुर्गम स्थान ऐसे होते हैं जहां पर एम्बुलेंस का पहुंचना संभव नहीं होता है या फिर एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकती है और दुर्घटना स्थल में अनेकों लोग होते हैं जो कानूनी झंझटों से बचने के लिए मदत के लिए सामने नहीं आते हैं। इसके चलते यातायात पुलिस घायलों की मदद करने वालों को प्रेरित करने के लिए नकद पुरस्कार की योजना बना रही है। यातायात निदेशक केवल खुराना के मुताबिक केंद्र सरकार लगातार सड़क सुरक्षा के तहत आम लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रेरित करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में यह योजना बनाई गई है। इस पर शासन के साथ भी विचार विमर्श हो चुका है। इससे सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों की संख्या में कमी आएगी और लोग भी मदत करने के लिए प्रेरित होंगे।
