ऋषिकेश- केंद्रीय विद्यालय को मिली वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक मंज़ूरी

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ ऋषिकेश स्थित IDPL परिसर में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के लिए आवश्यक वन भूमि हस्तांतरण को केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। यादव ने वन भूमि हस्तांतरण का अनुमोदन पत्र सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को सौंपा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री से शिष्टाचार भेंट कर ऋषिकेश क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को उठाया और जनहित में इस कार्य की तात्कालिक आवश्यकता को रेखांकित किया। यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिया और केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण को सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत कर दिया। इस पत्र की प्रति प्रादेशिक वन विभाग, केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून तथा विद्यालय प्राचार्य को भेज दी गई है। इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह निर्णय न केवल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के द्वार खोलेगा, बल्कि IDPL परिसर में केंद्रीय विद्यालय की बहुप्रतीक्षित स्थापना को गति देगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को इस पहल का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जो लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की राह देख रहे थे। रावत ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव का इस त्वरित और सकारात्मक निर्णय हेतु आभार भी व्यक्त किया।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News