ऋषिकेश- मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से 6 लोगों की मौत,30 लोग घायल
त्रिवेणी न्यूज 24
हरिद्वार _ हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में आज सुबह मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई है और 25 से 30 लोगों के घायल होने की खबर है। राहत और बचाव का काम जारी है। हादसे की वजह भारी भीड़ बताया जा रहा है। बता दें कि ये मंदिर हरिद्वार में काफी प्रसिद्ध है और हरिद्वार घूमने के लिए आने वाले पर्यटक इस मंदिर में जरूर दर्शन करने जाते हैं।
इस घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से एक्स हैंडल पर ये जानकारी दी गई है। पीएम ने कहा उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।
सीएम धामी ने घटना पर दुख जताया _
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, मुआवजे का भी किया ऐलान _
सीएम धामी ने कहा, “हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे में 6 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रदेश सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।
उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुए हृदय विदारक हादसे के घायलों और मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
