ऋषिकेश- प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में खुलेंगे आधुनिक ओपन जिम, युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रोत्साहन

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में युवाओं को शारीरिक रूप से चुस्त दुरुस्त रखने और उन्हें सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने को आधुनिक ओपन जिम बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इसके लिए गांवों में नए स्थान चिह्नित करने का कार्य चल रहा है। अब इंतजार बजट का है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनावों के बाद इसके लिए बजट जारी हो जाएगा। इसके बाद विभाग इस दिशा में काम करना शुरू कर देगा। प्रदेश सरकार ने अक्टूबर 2021 में प्रदेश की सभी 7950 ग्राम पंचायतों में ओपन जिम खोलने खोलने की घोषणा की थी। तब इसके लिए 14 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। इस दौरान तकरीबन पांच हजार गांवों में तो ये जिम खुले लेकिन इनमें व्यवस्थाएं बहुत कम थी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को इनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब एक बार फिर सरकार ने इस ओर गंभीरता दिखाते हुए हर गांव में नए उपकरणों से लैस ओपन जिम खोलने की घोषणा की है।
इसके तहत गांवों में जिम के नए उपकरण लगाए जाएंगे। जहां युवा व अन्य ग्रामवासी सुबह, शाम अथवा खाली समय में आकर पसीना बहा सकेंगे। इसके साथ ही इन गांवों में प्रशिक्षण देने के लिए खेल सेवकों की भी तैनाती की जाएगी। ये खेल सेवक गांव से जुड़े युवा होंगे जो खेल गतिविधियों में पहले से ही प्रशिक्षित हों। इसके लिए तकरीबन 40 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था की जानी है।

%d bloggers like this:
Breaking News