ऋषिकेश- भराड़ीसैंण में होगा भव्य योग दिवस का कार्यक्रम, सीएम धामी पहुंचे गैरसैंण
त्रिवेणी न्यूज 24
गैरसैंण _ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भव्य कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है. जहां एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी गैरसैंण में योग करेंगे, तो वहीं 10 देशों के राजदूत भी भराड़ीसैंण पहुंचकर सीएम के साथ योग में हिस्सा लेंगे। बता दें कि हर साल की तरह इस बार भी 21 जून को 11 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर मनाया जाने वाला है। इस बार सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा परिसर में योग दिवस आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही कई देशों के राजदूत भी शामिल हो रहे हैं। शनिवार को भराड़ीसैण में आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सीएम धामी आज भराड़ीसैण (गैरसैंण) पहुंचे. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का छोलिया लोक नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीएम धामी को पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया. वहीं, चमोली जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सीएम धामी को रामचरित मानस भेंट कर पारंपरिक रूप से स्वागत किया।
