ऋषिकेश- श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति में अध्यक्ष और दो उपाध्यक्षों की हुई नियुक्ति

त्रिवेणी न्यूज 24
रुद्रप्रयाग _ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिर समिति” के अध्यक्ष और दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या और चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए इस बार समिति में अध्यक्ष के साथ-साथ दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के हेमन्त द्विवेदी को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, जनपद चमोली के ऋषि प्रसाद सती और जनपद रुद्रप्रयाग के विजय कपरवाण को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह सभी पदाधिकारी कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगे।
सरकार का यह निर्णय तीर्थ क्षेत्रों के संचालन को अधिक संगठित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। उल्लेखनीय है कि बद्रीनाथ और केदारनाथ धामों में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं. ऐसे में तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और समिति के कार्यों में गति लाने के लिए यह नई संरचना तैयार की गई है।
सरकार ने इस बार समिति में विभिन्न जिलों से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी और तीव्र हो सके। पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों से नियुक्त इन पदाधिकारियों की स्थानीय जानकारी और अनुभव तीर्थ प्रबंधन को नई दिशा देने में सहायक होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हेमन्त द्विवेदी को अध्यक्ष पद पर तथा ऋषि प्रसाद सती और विजय कपरवाण को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने पर मैं हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये सभी सम्मानित पदाधिकारी अपने अनुभव, समर्पण और दूरदृष्टि से समिति के कार्यों को नई गति और दिशा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति तीर्थ क्षेत्रों के बेहतर समन्वय और अधिक सुविधाओं की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है। इससे प्रबंधन अधिक सशक्त, पारदर्शी और तीव्र होगा. मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि राज्य सरकार समिति को हर स्तर पर सहयोग प्रदान करती रहेगी।

%d bloggers like this:
Breaking News