ऋषिकेश- उत्तराखंड में संदिग्ध लोगों का होगा सत्यापन, सीएम ने जिलाधिकारी को दिए जांच के निर्देश

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ राज्य में संदिग्ध लोगों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए सत्यापन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान में प्रत्येक विभाग के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान के तहत अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की गई है, ताकि आगामी रणनीति और मजबूत तरीके से तैयार की जा सके। मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सत्यापन अभियान को सिर्फ पुलिस तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसमें राजस्व, परिवहन, श्रम, नगर निकाय, पर्यटन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, खाद्य और नागरिक आपूर्ति, शिक्षा और अन्य सभी विभागों के अधिकारी भी शामिल हो. अभियान के तहत किराएदारों, श्रमिकों, व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों, होटल-ढाबा मालिकों, निर्माण कार्यों से जुड़े मजदूरों, बस-टैक्सी चालकों, और अन्य संवेदनशील स्थानों पर कार्यरत लोगों का व्यापक स्तर पर सत्यापन किया जाएगा।
फेक न्यूज फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई – सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने फेक न्यूज चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान गलत सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल सख्त कदम उठाने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध या झूठी जानकारी की तत्काल जांच कर उसे साझा किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने पर जोर दिया. उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में नियमित निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा. तात्कालिक घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने जनता से की अपील _
फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर नियुक्ति अथवा अन्य लाभ प्राप्त करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए. निर्माण स्थलों और प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए. रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, टैक्सी स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस अभियान में स्थानीय जनता का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि, अगर उन्हें अपने आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलती है, तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें. उन्होंने कहा कि राज्य की शांति और सुरक्षा के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति का सत्यापन जरूरी- सीएम धामी
सत्यापन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक रणनीति बनाई है. इसमें हर विभाग की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की व्यवस्था की जा रही है. सरकार का उद्देश्य है कि राज्य में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन सुनिश्चित हो, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके और प्रदेश में शांति व सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News