ऋषिकेश-चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में निराश्रित गोवंशों का आतंक
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ चारधाम यात्रा शुरू होने को है, इससे पहले यात्रा के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में निराश्रित गोवंशों का आतंक बढ़ गया है। बीते एक महीने में शहरभर में गोवंश हमले में चार से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें शिवाजी नगर निवासी वरिष्ठ नागरिक की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं रोजाना मुख्य व आंतरिक मार्गों पर गोवंशों की लड़ाई देखना आम बात हो गई है। चिंता की बात है कि गोवंश शहरवासियों के साथ ही अब चारधाम यात्रियों की भी जान खतरे में पड़ सकती है। इन सबके बावजूद जिम्मेदार नगर निगम व प्रशासन गोवंशों की समस्या से निजात दिलाने में पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। मुख्य व आंतरिक मार्गों में सड़क के बीचों-बींच गोवंशों को घूमते व आपसी संघर्ष करते देखा जा सकता है। ये गोवंश रोजाना दोपहिया सहित अन्य वाहनों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। गोवंशों को रखने व शहर से बाहर करने को लेकर नगर निगम व प्रशासान की ओर से कोई ठोस प्रबंध नहीं होने पर अब शहरवासियों का लगातार रोष बढ़ने लगा है। शहरवासी सड़क पर चलने में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। खासकर वरिष्ठ नागरिक, महिला व बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। शिकायत करने पर निगम की टीम एक-दो गोवंशों को पकड़कर खानापूर्ति कर रही है।शहरवासियों ने नगर निगम व प्रशासन से गोवंश की समस्या से निजात दिलाने को ठोस एवं स्थायी प्रबंध करने की मांग की।
