ऋषिकेश- मुख्यमंत्री ने दी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर कहा कि राज्य सरकार ने अगले साल तक ढाई लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री धामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिए संदेश में कहा कि मातृशक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज अथवा राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। भारतीय संस्कृति में शक्ति की पूजा की जाती रही है, महिला समाज की मार्गदर्शक के साथ ही प्रेरणा का स्त्रत्तेत भी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के बेहतर भविष्य के लिए उनका वर्तमान संवारने के लिए राज्य सरकार की तरफ से कारगर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्राविधान किया है। प्रदेश में अब तक एक लाख लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं। अगले वर्ष तक यह लक्ष्य 2.50 लाख करने का है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर राज्य की जनता से किया वादा पूरा किया है। यह महिलाओं के सम्मान से जुड़ा कानून भी है। इसके साथ ही कौशल विकास के माध्यम से महिलाओं की आर्थिकी को मजबूती प्रदान की जा रही है।

%d bloggers like this:
Breaking News