ऋषिकेश- टिहरी जनपद के रोलियाल गांव की मीनाक्षी नेगी बनी कर्नाटक राज्य की वन प्रमुख
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून- उत्तराखंड के टिहरी जनपद के रोलियाल गांव (चंबा) की मूल निवासी मीनाक्षी नेगी की नियुक्ति कर्नाटक राज्य के वन विभाग की प्रमुख के रूप में हुई है। यह न केवल उनके लिए, बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि वह इस पद पर आसीन होने वाली कर्नाटक की पहली महिला हैं। मीनाक्षी नेगी का यह उत्कृष्ट कार्य सम्पूर्ण प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह दर्शाता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकती हैं।
1989 में IFS में चयन के बाद से ही मीनाक्षी नेगी को कर्नाटक राज्य कॉडर मिला। उन्होंने बल्लारी, चिक्कमगलुरु और मंड्या जैसे जिलों में उप वन संरक्षक के रूप में कार्य किया। इन क्षेत्रों में उनके नेतृत्व में वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और स्थानीय समुदायों के साथ सहयोगात्मक परियोजनाएँ चलाई गईं। खासकर, चिक्कमगलुरु के कॉफी बागानों और पश्चिमी घाटों के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। मीनाक्षी अपने पैतृक गाँव रोलियाल (चम्बा, टिहरी) और मसूरी से गहरा लगाव रखती हैं। वहाँ वह सालाना जाकर स्थानीय युवाओं को सिविल सेवाओं के लिए प्रेरित करती हैं और महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।
टिहरी गढ़वाल जिले की वह संभवतः देश के राज्य में दूसरी वन प्रमुख हैं। पहले धारकोट गांव (प्रतापनगर) के मनमोहन सिंह नेगी आईएफएस 1982 बैच अरुणाचल प्रदेश में हेड ऑफ फॉरेस्ट रहे हैं।
