ऋषिकेश- उत्तराखंड के सभी सरकारी कर्मचारियों को कराना होगा अपनी शादी का पंजीकरण

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड में यूसीसी के तहत सबसे पहले सरकारी कर्मियों को अपने विवाह का पंजीकरण अनिवार्य तौर पर कराना होगा। इसके लिए सचिवालय से लेकर जिलास्तर तक सभी शासकीय कर्मियों के पंजीकरण के लिए जन सेवा केंद्र (सीएससी) की ओर से कैंप लगाकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। शुरुआत में शिक्षा और पुलिस कार्मिकों के लिए शिविर लगेंगे। अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने यूसीसी के तहत होने वाले वैवाहिक एवं अन्य पंजीकरण की संख्या बढ़ाने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश में कहा कि सचिवालय स्तर से जिलास्तर तक सभी शासकीय कार्मिकों का वैवाहिक पंजीकरण अनिवार्य तौर पर कराया जाए। कार्मिकों की ज्यादा संख्या वाले विभागों में विशेष रूप से शिक्षा और पुलिस के लिए लक्ष्य निर्धारित कर पंजीकरण प्रक्रिया को बढ़ाएं। इसके अलावा सभी डीएम को निर्देश दिया कि जनपदों में यूसीसी के प्रचार-प्रसार व जागरूकता में अभियोजन अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अपर मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को जिलों में यूसीसी के नोडल अधिकारी व विशेषज्ञों के लिए कार्यशालाएं तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं, जिनमें जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारी, नोडल अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News