ऋषिकेश- महिला गंगा आरती में महिलाओं ने गंगा आरती कर मनाया वसंत पंचमी उत्सव
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट की महिलाओं ने गंगा आरती कर बसंत पंचमी उत्सव हर्षाेल्लास से मनाया। जहां लोगों ने हवन कुंड में आहुति डालकर अपने सुखमय जीवन की मंगल कामना की। वहीं वसंत पंचमी की शुभकामनाएं भी दी।
डॉ. ज्योति शर्मा ने मां सरस्वती वंदना एवं भजन प्रस्तुत करके लोगों का मन मोह लिया। आचार्य सोनिया राज ने भजन में बांधां समा डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि वसंत को सभी ऋतुओं का राजा कहा जाता है। इस ऋतु की पंचमी का विशेष महत्व है। “वसंत पंचमी” प्रकृति के अद्भुत सौन्दर्य, श्रृंगार और संगीत की मनमोहक ऋतु यानी ऋतुराज के आगमन की सन्देश वाहक है। वसंत पंचमी के दिन से शरद ऋतु की विदाई के साथ पेड़-पौधों और प्राणियों में नवजीवन का संचार होने लगता है। प्रकृति नवयौवना की भांति श्रृंगार करके इठलाने लगती है।
ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ज्ञानी जी ने कहा वसंत प्रकृति का सालाना मेकओवर होता है। वसंत पंचमी सिखाती है कि पुराने के अंत के साथ ही नए का सृजन भी होता है। सोनिया राज ने कहा वसंत ऋतु आते ही प्रकृति का कण-कण खिल उठता है। मानव तो क्या पशु-पक्षी तक उल्लास से भर जाते हैं। हर दिन नई उमंग से सूर्याेदय होता है और नई चेतना प्रदान कर अगले दिन फिर आने का आश्वासन देकर चला जाता है। यों तो माघ का यह पूरा मास ही उत्साह देने वाला है, पर वसंत पंचमी का पर्व भारतीय जनजीवन को अनेक तरह से प्रभावित करता है। महिला गंगा आरती में डॉ. ज्योति शर्मा, ज्योतिषाचार्य आचार्य सोनिया राज, पुष्पा शर्मा, आशा डंग, बंदना नेगी, प्रमिला, गायत्री देवी आदि ने गंगा आरती की।
