ऋषिकेश- पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है तो चारधाम यात्रा के दौरान बनाया गया ट्रैफिक प्लान होगा लागू

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- नए साल पर अगर मुनिकीरेती क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है तो चारधाम यात्रा के दौरान बनाया गया ट्रैफिक प्लान लागू होगा। स्थिति सामान्य रहने पर पुलिस रोज की तरह वाहनों के आवागम की अनुमति देगी। बिना लाइसेंस नए साल के जश्न में शराब और अन्य मादक पदार्थ परोसने वाले होटल, कैंप संचालक कार्रवाई के दायरे में रहेंगे। एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल ने मुनिकीरेती के जीएमवीएन गेस्ट हाउस में जनसंवाद कार्यक्रम में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने होटल, राफ्टिंग, कैंप संचालकों के प्रतिनिधियों की समस्या और सुझाव को सुना। अधिकांश लोगों ने कहा कि जाम की समस्या यहां अधिक रहती है। समाजसेवी बचन पोखरियाल ने कहा कि क्षेत्र की गरिमा बनी रहे, इसे देखते हुए सभी को काम करना चाहिए। तीर्थ क्षेत्र की मर्यादा बनी रहनी चाहिए। प्रशांत ने कहा कि क्षेत्र में 600 से अधिक होटल खुल चुके हैं। आधारभूत ढांचा नब्बे के दशक वाला है। वाहन सड़क पर पार्क होते हैं। जिससे जाम लगता है।
सीसीटीवी कैमरा लगाने का सुझाव _
इसके अलावा नितिन कुड़ियाल ने बालक नाथ चौराहे पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का सुझाव दिया। तपोवन क्षेत्र में कथित भिक्षुक गैंग की सक्रियता का मामला भी उठाया गया। एसएसपी ने स्थानीय पुलिस को जांच करने को कहा। अधिकांश लोगों ने जाम से जुड़ी समस्या बताई। उनका कहना था कि मुनिकीरेती से शिवपुरी तक पहुंचने में ही कई बार छह घंटे तक का समय लग जाता है। जिससे कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इस दौरान एसएसपी आयुष अग्रवाल ने कहा कि नए साल पर अगर पर्यटकों की संख्या बहुत अधिक बढ़ती है तो चारधाम यात्रा के दौरान जो ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था उसे ही अमल में लाया जाएगा। पांच-छह घंटे जाम की स्थिति न बने इसके लिए पुलिस काम करेगी। सड़क पर वाहन पार्क कर जाम का कारण बनने वाले चालकों पर कार्रवाई होगी।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News