ऋषिकेश- चारधाम डैशबोर्ड से मिलेगी प्रबंधन और संचालन में मदद- राज्यपाल

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के सामने सुगम एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए आईटीडीए द्वारा तैयार ‘चारधाम डैशबोर्ड’ का प्रजेंटेशन दिया गया। प्रस्तुतीकरण निदेशक आईटीडीए नितिका खंडेलवाल ने दिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि डैशबोर्ड निर्णय निर्माताओं को यात्रा के प्रभावी प्रबंधन और संचालन करने में मदद करेगा।
राजभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने निदेशक आईटीडीए और उनकी टीम को डैशबोर्ड तैयार करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी और डिजिटलीकरण के माध्यम से जिस प्रकार यात्रा से जुड़े विभागों को इसमें एकीकृत किया गया है, इससे भविष्य में यात्रा को और बेहतर संचालन के लिए योजना बनाने में आसानी होगी। साथ ही यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। राज्यपाल ने कहा कि आईटीडीए द्वारा विभिन्न विभागों के लिए तैयार किए जा रहे डैशबोर्ड के माध्यम से कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाना सराहनीय है। इससे विभागो में जवाबदेही की भावना और उनकी कार्य कुशलता बढ़ेगी। कहा कि हमें टेक्नोलॉजी का प्रयोग करके एक नई कार्य संस्कृति प्रारंभ करनी होगी। कहा डैशबोर्ड कल्चर से विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित होगा।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि डैशबोर्ड का निर्माण विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय स्थापित कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन जैसे तीर्थयात्रियों का पंजीकरण, स्क्रीनिंग, यात्रा मार्ग की स्थिति, आवासीय एवं मूलभूत आवश्यकताओं की बेहतर सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं को यथासमय यात्रियों को उपलब्ध कराने संबंधी विभिन्न पहलुओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किया गया है। बता दें कि राज्यपाल द्वारा पूर्व में सम्पूर्ण यात्रा का डिजिटली अनुश्रवण किए जाने के लिए चारधाम डैशबोर्ड निर्माण करने के निर्देश निदेशक, आईटीडीए को दिए गए थे। जिसके बाद रियल टाइम मॉनिटरिंग में चारधाम डैशबोर्ड को तैयार किया गया है। निदेशक द्वारा डैशबोर्ड के संबंध में पूरी जानकारी दी। बताया गया कि आईटीडीए द्वारा सीएम डैशबोर्ड, आपदा प्रबंधन और चारधाम डैशबोर्ड तैयार किया जा रहा है।

%d bloggers like this:
Breaking News