ऋषिकेश- फल्दाकोट पंपिंग योजना बंद होने से एक दर्जन गांवों में जल संकट

त्रिवेणी न्यूज 24
पौड़ी _ पौड़ी विकासखंड के यमकेश्वर में फल्दाकोट पंपिंग योजना सप्ताहभर से बंद है। पेयजल आपूर्ति न होने के कारण ब्लॉक के करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीण दूरस्थ प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। जल संस्थान कोटद्वार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा हैं।
फल्दाकोट पंपिंग योजना से फल्दाकोट मल्ला, कंडवालगांव, कुकरेती धार, बूंगा, पोखरखाल, बिनक, मुसराली, मागथा, गोदी, गणेशपुर आदि करीब एक दर्जन से अधिक गांवों को पेयजल आपूर्ति होती है। सप्ताहभर से पंपिंग योजना बंद होने के कारण ग्रामीण दूरस्थ प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण प्राकृतिक पेयजल स्रोत भी सूखने के कगार पर हैं। पंपिंग योजना बंद होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों को हो रही है। जो गांव सड़क मार्ग से दूर हैं, उन गांवों में तो पानी के टैंकर से पेयजल आपूर्ति भी संभव नहीं है।स्थानीय ग्रामीण कमल किशोर कंडवाल, परमवीर सिंह, संतोष, अभिषेक, हरीश, सुभाष जुगलान, रविंद्र जुगलान, प्रियंका, गुड्डी देवी, सतेंद्र सिंह, राजू भट्ट, सुंदर प्रकाश ने बताया कि पेयजल सुविधा नहीं होने के कारण कई गांवों से एक के बाद एक परिवार पलायन कर गए हैं।
जो लोग अपने गांव लौटना चाह रहे हैं, मूलभूत सुविधा न होने के कारण नहीं आ पा रहे हैं। गर्मी के सीजन में दिल्ली, चंडीगढ़ आदि जगहों से ग्रामीण अपने गांवों में आए हुए हैं। पेयजल सुविधा नहीं होने के कारण वे लोग वापस लौट रहे हैं। बंद पड़ी पंपिंग योजना को दुरुस्त करने के लिए कई बार जल संस्थान कोटद्वार को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन विभागीय अधिकारी ग्रामीणों की समस्या को अनसुना कर रहे हैं।
फल्दाकोट पंपिंग योजना में तकनीकी खराबी आ गई है। विभागीय कर्मचारियों को तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए निर्देशित किया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा – अभिषेक कुमार वर्मा, जलकल अभियंता, जल संस्थान कोटद्वार।

%d bloggers like this:
Breaking News