ऋषिकेश- उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में अगले चार दिन के अन्दर बारिश की संभावना

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड के 11 जिलों में अगले चार दिन (26 से 29 मई) तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के मैदानी, पहाड़ी इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल एवं चंपावत जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिलों बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार तकरीबन 20 साल पहले मई में 41.8 डिग्री सर्वाधिक रहा था। बताया कि सबसे ज्यादा गर्मी जेठ माह में नौतपा के समय ही रहती है। अन्य महीनों में तापमान इतना ज्यादा नहीं पहुंचता है। नौतपा काल 25 मई से शुरू हो चुका है और दो जून तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक पहुंच जाता है, जिससे धरती का तापमान बढ़ने लगता है। हालांकि पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश रहेगी, लेकिन मैदानी इलाकों में तपिश बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सभी पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र ने देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले में हल्की बारिश की संभावना भी जताई है।

%d bloggers like this:
Breaking News