ऋषिकेश- नेपाली फार्म से ढालवाला तक एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के लिए अलाइनमेंट का काम पूरा
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ नेपाली फार्म से ढालवाला तक बनने वाले एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के लिए लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला ने अलाइनमेंट का काम पूरा कर दिया है। अब निशान लगाने का काम शुरू कर दिया है। निशान लगाने के बाद भूमि अधिग्रहण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस का काम पूरा होगा। उसके बाद डीपीआर और टेंडर होंगे। इस परियोजना की कुल लंबाई 17.80 किमी है।
चारधाम ऑलवेदर परियोजना के तहत स्वीकृत इस परियोजना में नेपाली फार्म से ढालवाला के मध्य एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण होना है। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला ने नेपाली फार्म से निशान लगाना शुरू कर दिया है। यह फोरलेन एलिवेटेड फ्लाईओवर 10.53 किलोमीटर लंबा होगा। एलिवेटेड फ्लाईओवर नेपाली फार्म से शुरू होकर भट्टोंवाला रेलवे फाटक के पास तक आएगा। वहां से सड़क मार्ग योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के बाहर तक आएगा। योगनगरी ऋषिकेश से रेलवे स्टेशन से ढालवाला स्थित पुराना एआरटीओ कार्यालय के पास तक फ्लाईओवर जाएगा। भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा बांटने की कार्रवाई पूरा होने के एलिवेटेड फ्लाईओवर के टेंडर होंगे।
सुरंग निर्माण की कवायद नही हुई शुरू _
ढालवाला से तपोवन तक बनने वाली सुरंग निर्माण की अभी कवायद शुरू नहीं हो पाई है। यह सुरंग करीब 1.40 किलोमीटर लंबी होगी। यहां पर हाईवे पांच सुरंगों से होकर गुजरेगा। पहली सुरंग ढालवाला पुराना एआरटीओ कार्यालय से खारास्रोत तक 700 मीटर की होगी। इसके बाद चार सुरंगें 100 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर और 300 मीटर की बनेंगी। इन सुरंगों के निर्माण के लिए शासन की ओर से पिछले साल रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था। लेकिन इन सुरंगों के निर्माण के लिए सहमति नहीं बन पाई।
नेपाली फार्म से ढालवाला तक एलिवेटेड फोरलेन फ्लाईओवर निर्माण के लिए निशान लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। निशान लगाने के बाद भूमि अधिग्रहण और फॉरेस्ट क्लीयरेंस का काम किया जाएगा। उसके बाद डीपीआर तैयार की जाएगी। भूमि का मुआवजा बांटने के बाद एलिवेटेड फ्लाईओवर के टेंडर होंगे – मनोज कुमार राठौर, सहायक अभियंता लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला
