ऋषिकेश- पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह से परेशान पुलिसकर्मी ने कराया मुकदमा दर्ज
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून- खानपुर से पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने ही लगाया है। पुलिसकर्मी का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने उसके साथ अभद्रता, गाली गलौज की और साथ ही धक्का मुक्की, जान से मारने की धमकी भी दी। बता दें कि पूर्व विधायक खानपुर के विरुद्ध इससे पहले भी डालनवाला थाना प्रभारी के साथ अभद्रता करने और राजकार्य में बाधा डालने के संबंध में पूर्व में कोतवाली डालनवाला में अभियोग पंजीकृत है। देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना डालनवाला पर आज आरक्षी गोकुल प्रसाद यादव हाल तैनाती पुलिस लाईन रोशनाबाद हरिद्वार ने प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया कि वह पूर्व विधायक खानपुर हरिद्वार के सुरक्षा में 30 जनवरी 2024 से तैनात थे। सिपाही ने बताया कि पूर्व विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन अक्सर उनके साथ दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और उनकी इच्छानुसार काम ना करने व उनके मन मुताबिक कोई कार्य ना होने पर अक्सर उनके साथ गाली-गलौज करते हैं और धमकी देते रहते हैं। 8 फरवरी की रात करीब 20.30 बजे भी प्रणव सिंह चैम्पियन ने अपने मोहिनी रोड डालनवाला स्थित आवास पर उनके साथ धक्का-मुक्की, मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए राजकीय कार्य में व्यवधान पैदा किया है। उक्त आरक्षी जनपद हरिद्वार में पोस्टेड है और आरक्षी द्वारा जनपद हरिद्वार जाकर उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया और आज आरक्षी द्वारा थाना डालनवाला पर अपनी शिकायत दी गई ,उक्त शिकायत पर थाना डालनवाला पर आज मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
