ऋषिकेश- 27 दिसंबर से जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद करेंगे चारधाम यात्रा की शुरुआत
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ देवभूमि उत्तराखंड में पहली बार ऐतिहासिक शीतकालीन यात्रा की शुरुआत होगी। आमतौर पर चारधाम यात्रा की शुरुआत उत्तराखंड में गर्मियों में होती है। यात्रा की शुरुआत जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद करेंगे। शंकराचार्य के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की. सीएम धामी ने चारधाम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। 7 दिन की शीतकालीन तीर्थ यात्रा की शुरुआत आगामी 27 दिसंबर से होगी। जबकि इसका समापन 2 जनवरी को हरिद्वार में होगा।
यात्रा के आमंत्रण के लिए ज्योतिर्मठ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री धामी से मिला और यात्रा का आमंत्रण पत्र दिया। आदिगुरु शंकराचार्य द्वारा ढाई हजार साल पहले स्थापित परंपराओं का निर्वहन करते हुए ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य शीतकालीन पूजा स्थलों की तीर्थ यात्रा कर रहे हैं। आदिगुरु शंकराचार्य परंपरा के इतिहास में यह पहला अवसर है कि जब ज्योतिष्पीठ के आचार्य द्वारा उत्तराखंड स्थित चार धामों के पूजा स्थलों की तीर्थयात्रा की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शंकराचार्य की यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनकी तीर्थ यात्रा से चारों धामों में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
