ऋषिकेश- गृहमंत्री अमित शाह के देहरादून पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया स्वागत

त्रिवेणी न्यूज 23
देहरादून _ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। उनके दौरे को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार देहरादून में आज आईटीबीपी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रेजिंग डे परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान फाइव फ्रंटियर, ईस्ट फ्रंटियर, नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर, नॉर्दन फ्रांटियर्स, नक्सल फ्रंटियर, महिला नक्सल फ्रंटियर, स्की फोर्स, कमांडो दस्ता, पैरा ट्रूपर्स की टुकड़ियां परेड में शामिल हुईं।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत और प्रेमचंद अग्रवाल भी परेड में शामिल हुए। इस दौरान गृहमंत्री ने सबसे पहले परेड का निरीक्षण किया। आईटीबीपी सीमाद्वार में आयोजित परेड को देखने के लिए यहां हजारों लोगों की भीड़ जुटी है। स्वागत के लिए महिलाएं पारंपरिक परिधानों में भी आई हैं। वहीं कई बच्चे सेना की वर्दी पहनकर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री आज उत्तराखंड में एमबीबीएस के छात्रों के लिए हिंदी मीडियम में पढ़ाई की शुरुआत भी करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट से आइटीबीपी परिसर स्थित विश्राम गृह पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। वह आज सीमाद्वार स्थित आइटीबीपी परिसर में स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।वहीं एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, धनसिंह रावत, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राजपुर रोड विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी गृहमंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। शाह का यह दौरा राजनीतिक सुगबुगाहट से भी भरा हुआ है। क्योंकि आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। पिछले महीने 7-8 अक्टूबर को शाह यहां आए थे। उस समय बीजेपी के पदाधिकारियों के साथ ही सोशल मीडिया टीम के साथ चर्चा भी की थी। कार्यक्रम के बाद वह गढ़ी कैंट स्थित हेलीपैड से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और फिर वहां से दिल्ली वापस लौट जाएंगे।

%d bloggers like this:
Breaking News