ऋषिकेश- 20 हजार करोड़ से अधिक की सौगात लेकर उत्तराखंड लौटे सीएम धामी

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून _ उत्तराखंड वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए अहमदाबाद (गुजरात) में हुए रोड शो में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में 20 हजार करोड़ से अधिक के निवेश करार पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौते 50 से अधिक कंपनियों से किए गए। अहमदाबाद से लौटने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा निवेशक सम्मेलन के लिए लंदन, बर्मिंघम, दिल्ली, दुबई, अबूधाबी के साथ चेन्नई, बंगलुरू, अहमदाबाद में रोड शो कर उद्योग समूहों के साथ बैठक की गई।
आठ और नौ दिसंबर को देहरादून में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए अब तक 94 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर एमओयू हो चुके हैं।इसमें पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, फार्मा, कृषि, एग्रो, ऊर्जा, लॉजिस्टिक, इंफ्रास्ट्रक्चर और आतिथ्य क्षेत्र में निवेशकों से करार किए गए। निवेशक उत्तराखंड में निवेश के प्रति काफी आकर्षित है। अहमदाबाद में 24 हजार करोड़ के निवेश पर करार किया गया।सरकार का प्रयास है कि अब तक जितने भी निवेश प्रस्ताव पर एमओयू हुए हैं। उन्हें इंवेस्टर्स समिट से पहले धरातल पर उतारा जाए। राज्य हित में उपयोगी प्रस्तावों का भी गहनता से आकलन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में औद्योगिक विकास के लिए उद्योग जगत के सुझावों को ध्यान में रखते हुए 30 नई नीतियां बनाई गई हैं। वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दृष्टिगत जो सुझाव मिल रहे हैं, उन पर अमल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्वतीय क्षेत्रों में निवेश करने वालों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। राज्य में हवाई, रेल, सड़क व रोपवे जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष 52 लाख से अधिक श्रद्धालु आ चुके हैं।

%d bloggers like this:
Breaking News