ऋषिकेश- एनजीए में महंत राम सिंह और संत जोत सिंह ने फहराया तिरंगा
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ एनजीए स्कूल में आजादी के 76 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत उत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया गया। संस्था के संस्थापक महंत बाबा राम सिंह महाराज और संत जोध सिंह महाराज मुख्य अतिथि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप सिंह रौथांण ने आन बान और शान का प्रतीक तिरंगा फहराकर सब को गौरव का अवसर प्रदान किया।
प्रधानाचार्या डॉ सुनीता शर्मा ने महाराज सहित सभी आगंतुकों का स्वागत अभिनंदन करते हुए स्वतंत्रता दिवस का महत्त्व बताया। उन्होंने कहा कि जिनके कारण आज हम आजादी की सांस ले पा रहे हैं उन वीरों को याद करते हुए प्राप्त हुई आजादी को बनाए रखने का आह्वान किया। विद्यालय की छात्राओं ने सुंदर शबद के माध्यम से देश धर्म और संस्कृति के संरक्षक सिक्ख गुरुओं की शौर्य गाथा गाकर बताया कि इन्ही की कृपा से सजे आज हम हैं। इसी में आगे उन्होंने दसवें गुरु गोविंद सिंह द्वारा रचित वीर रस से ओत- प्रोत शबद के माध्यम से श्रद्धांजलि देकर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की। जिनके कारण आज हम यह आजादी का अमृत महोत्सव मना पा रहे हैं। कक्षा दसवीं ‘अ’ के छात्र प्रभात कुमार ने ‘हे भारत के राम जगो’ के माध्यम से उपस्थित सभी दर्शकों से देश की आजादी को बनाए रखने के लिए अपने अंदर हमारे देवों का देवत्व, महापुरुषों का पौरुष, वीर- वीरांगनाओं का वीरत्त्व और अमर शहीद- क्रान्तिकारियों के बलिदान और आत्म त्याग को स्वयं में जागृत करने का आह्वान करते हुए सबको रोमांच और जोश से भर दिया। कक्षा 11वीं की छात्रा सलोनी राणा ने एक भाव पूर्ण गीत ‘सलाम उन शहीदों को जो खो गए’ गाकर मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देते हुए सबको भावुक कर दिया। कार्यक्रम को समापन की ओर ले जाते हुए मुख्य अतिथि प्रदीप सिंह रौथाण ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की। कहा कि एन जी ए द्वारा निर्धन परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में किए जाने वाले सराहनीय प्रयास भी देश भक्ति का सर्वोत्कृष्ट उदाहरण हैं। हम सभी अपने-अपने कार्य क्षेत्र में यदि अपना कार्य पूर्ण कर्तव्य-निष्ठा और ईमानदारी से करें तो वह भी देश सेवा से कम नहीं है। महाराज ने मुख्य अतिथि को अपने स्नेहाशीष के रूप में सिरोपा और विद्यालय का स्मृति चिह्न भेंट किया और कार्यक्रम का समापन करते हुए प्रधानाचार्या डॉ सुनीता शर्मा ने अपने अमूल्य समय का योगदान देने के लिए महाराज सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन विद्यालय की हिन्दी अध्यापिका योगिता राजपूत ने किया। इस दौरान हेडमिस्ट्रेस श्रीमती अमृत पाल डंग, एनडीएस प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णस्वामी, एनईआई मैनेजर श्री अजय शर्मा, आत्म प्रकाश बाबू, हरमन प्रीत सिंह, डॉ गुरजिंदर सिंह, दीपमाला कोठियाल, वरिष्ठ खेल शिक्षक दिनेश पैन्यूली, पूनम चौहान, प्रदीप कुमार, रिचा चोपड़ा, समन्वयक सोहन सिंह कैंतूरा, निकिता उनियाल, अमित राणा, सुनील दत्त पांडे आदि उपस्थित थे।
