ऋषिकेश- बकाएदार ठेकेदार नहीं ले सकेंगे टेंडर में भाग – रोशन रतूड़ी

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने बकाएदार ठेकेदारों के मामले में कड़ा रूख अख्तियार किया है। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी के अनुसार पालिका के बकाया ठेकेदार टेंडर प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। गुरूवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। वर्ष 2023-24 की कुल अनुमानित आय रूपए 23,25,11,426 और अनुमानित व्यय रूपए 23,13,08,00 पर चर्चा की गई। इसके बाद बैठक में पालिका के बकाएदार ठेकेदारों का मुद्दा गर्माया, जिस पर अध्यक्ष समेत समस्त सभासदों ने अपनी नाराजगी जाहिर की एवं सर्वसम्मति से पालिका के बकाया ठेकेदारों का टेंडर प्रक्रिया में भाग न लेने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि इसके अलावा घटिया कार्य करने वाले ठेकेदारों को बख्शा नहीं जाएगा, पालिका की ओर से ऐसे ठेकेदारों की पेमेंट रोक दी जाएगी। बताया कि पालिका के ई-टेंडर प्रक्रिया में निकाय के ए, बी एवं सी तीनों श्रेणी के ठेकेदार भाग ले सकेंगे।
बैठक में ईओ तनवीर सिंह मारवाह, सभासद बिन्नो चौहान, बबीता रमोला, सुषमा नेगी, वंदना थलवाल, सभाष चौहान, धर्म सिंह, मनोज बिष्ट, विनोद सकलानी, किशोर राणा, वरिष्ठ लिपिक बेताल सिंह, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, जेई रूपेश भट्ट, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट एवं मृदुल, लेखालिपिक विवेक भंडारी, लिपिक विकास सेमवाल, वेस्ट वॉरियर्स से राहुल एवं अंजली, कार्यदायी संस्था जेबीबी टेक्नोक्रेट से अभिषेक मौजूद थे।
जी20 में होगा पालिका का कायाकल्प _
आगामी जी 20 सम्मेलन की तैयारियों के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में कई कार्य किए जाने हैं। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि बजट की स्वीकृति मिलते ही शीघ्र ही कार्य शुरू किए जाएंगे, इसके अंतर्गत निकाय हेतु वाहनों की खरीददारी, मुनिकीेरेती पार्किंग में पानी की निकासी, तीन पार्कों का सौदर्यीकरण, सड़कों की मरम्मत एवं आस्था पथ में लाइटिंग का कार्य किया जाना है।
जानकी सेतु और संवेदनशील जगहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे _
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की सहायता से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा, साथ ही युवाओं में बढ़ती नशे की लत एवं नशे के व्यापार को रोकने में काफी सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि पालिका क्षेत्रान्तर्गत घाटों, जानकी सेतु एवं संवेदनशील जगहों पर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
लगेंगे वाटर एटीएम _
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत पुराने प्याउ वाले स्थानों पर नए वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि इससे गर्मियों के दिनों में राहगीरों को निःशुल्क पीने का पानी आसानी से उपलब्ध हो।
नालियों के उपर से हटेगा अतिक्रमण _
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के शीशम झाड़ी क्षेत्र में नालियों के उपर पसरे अतिक्रमण को लोक निर्माण विभाग की सहायता से शीघ्र ही हटाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि शीशम झाड़ी क्षेत्र में नालियों के उपर अतिक्रमण होने की लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, इसके तहत बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से शीशम झाड़ी क्षेत्र में नालियों के उपर पसरे अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया गया है, उन्होंने बताया कि यहां नालियों में अतिक्रमण होने से पर्यावरण मित्रों को सफाई आदि कार्यों में खासी परेशानी हो रही है।
पालिका क्षेत्र में बनेंगे हाइटेक शौचालय _
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत हाइटेक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। बैठक में पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने हाइटेक शौचालय हेतु सभासदों को शीघ्र ही स्थानों को चिन्हित करने हेतु निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में सभासदों ने कूड़ा वाहनों द्वारा गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग न उठाए जाने पर नाराजगी जताई। इस पर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी कूड़ा उठाने वाली संस्था जेबीबी टेक्नोक्रेट के कर्मी पर भड़क उठे, उन्होंने संस्था के कर्मी को कूड़ा वाहनों के द्वारा गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग लेने हेतु निर्देशित किया। साथ ही प्रत्येक महीने वार्डों का निरीक्षण कर रिव्यू रिपोर्ट देने के लिए कहा।

%d bloggers like this:
Breaking News