ऋषिकेश- WPL में दम दिखाएंगी उत्तराखंड की मानसी जोशी और स्नेह राणा
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून- देश में पहली बार वुमेन प्रीमियर लीग (WPL 2023) खेला जा रहा है। इसके लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन हो गया है। उत्तराखंड की दो बेटियां भी इस लीग में अपना लोहा मनवाएंगी। देश से विदेश तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी उत्तराखंड की क्रिकेटर स्नेह राणा और मानसी जोशी इस लीग में खेलती नजर आएगी। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश गौरावान्वित हुआ है तो वहीं उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार गुजरात ने आलराउंडर स्नेह पर 75 लाख रुपये की धन वर्षा की है। देहरादून की आलराउंडर स्नेह राणा की सफलता के पीछे उनके संघर्ष और दृढ़ संकल्प की बड़ी भूमिका रही। यह स्नेह का दृढ़ संकल्प ही था जिसकी बदौलत उन्होंने चोट के कारण पांच साल तक मैदान से दूर रहने के बाद वर्ष 2021 में न सिर्फ दमदार वापसी की बल्कि अपने प्रदर्शन से दिग्गजों को तारीफ करने पर मजबूर कर दिया। वहीं गुजरात ने मध्यम तेज गेंदबाज मानसी पर 30 लाख रुपये का दांव खेला। नीलामी में मानसी का बेस प्राइज 30 लाख रुपये रखा गया था। बताया जा रहा है कि मानसी ने सात साल की उम्र में ही क्रिकेट का ककहरा सीखना शुरू कर दिया था। मानसी ने लड़कों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उत्तराखंड को बीसीसीआइ से मान्यता नहीं होने के कारण वर्ष 2010 से 2021 तक वह हरियाणा से घरेलू क्रिकेट खेलीं। वर्ष 2022 में वह उत्तराखंड टीम से जुड़ गईं।
