ऋषिकेश- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने प्लास्टिक के प्रयोग और कूड़ा फैलाने पर की कार्यवाही
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश _ चार धाम यात्रा के मद्देनजर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने सिंगल यूज प्लास्टिक(पॉलिथीन, डिस्पोजल सामग्री आदि) के प्रयोग और कूड़ा फैलाने के विरूद्ध दुकानों, रेहड़ियों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 15 चालानों से कुल 38 सौ राजस्व वसूला गया। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी और ईओ तनवीर मारवाह के आदेशानुसार वर्क एजेंट जितेंद्र सजवाण के नेतृत्व में पालिका की क्यूआरटी(क्विक रिस्पांस टीम) मधुबन मार्ग में पहुंची। यहां दुकानों और रेहड़ियों में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने और कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। अचानक हुई छापेमारी की कार्रवाई को देख यहां दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। आलम यह रहा कि दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री को आनन-फानन में हटाने लगे। इसके बाद क्यूआरटी ने जानकी पुल, आस्था पथ, खाराश्रोत आस्था पथ, खाराश्रोत तिराहा, शिवानंद पार्किंग में छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें 15 चालान किए गए, जिनसे कुल 38 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया। इस दौरान क्यूआरटी ने दुकानदारों और रेहड़ी विक्रेताओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने और कूड़ा न फैलाने की अपील भी की। छापेमारी अभियान में ज्योति पसपोला, मनोज, प्रमोद आदि उपस्थित थे।
