ऋषिकेश- रुड़की रेलवे अधीक्षक एलके वर्मा को मिला धमकी भरा डाक पत्र

त्रिवेणी न्यूज 24
रुड़की _ रुड़की रेलवे अधीक्षक एलके वर्मा को एक धमकी भरा डाक पत्र मिला है। जिसमें मुख्यमंत्री व रुड़की, हरिद्वार, लक्सर, मुरादाबाद, बरेली आदि कई रेल्वे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
पत्र भेजने वाले ने अपने आप को जैश ए मोहम्मद का एरिया कमांडर बताया है। पत्र में बम विस्फोट की तारीख भी लिखी गई है। डाक द्वारा मिले पत्र से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। रुड़की रेलवे अधीक्षक ने जीआरपी व आरपीएफ के साथ ही मुरादाबाद के डीआरएम को मामले से अवगत करा दिया है।
रुड़की रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एलके वर्मा के नाम से एक अंतर्देशीय डाक पत्र आया है। पत्र भेजने वाले ने खुद को जैश-ए-मोहम्मद का एरिया कमांडर सलीम अंसारी बताते हुए कहा कि 21 मई को रुड़की, हरिद्वार,लक्सर, देहरादून, ऋषिकेश, काठगोदाम, मुरादाबाद व बरेली के रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ा देंगे। 23 मई को हरिद्वार के धार्मिक स्थल मनसा देवी, हरकी पैड़ी को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। पत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी बम से उड़ाने की बात लिखी गई है। पत्र मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। देर शाम को रुड़की रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया। स्टेशन अधीक्षक ने डीआरएम मुरादाबाद को धमकी भरे पत्र की प्रति व्हाट्सएप द्वारा भेजी है। वहीं इस पत्र से जीआरपी तथा आरपीएफ को भी अवगत कराया गया है। पत्र को रेलवे ने गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू करा दी है। वहीं जीआरपी ने डाक पत्र की लिखाई और पत्र की मोहर की पड़ताल भी शुरू करने की बात कही है। इससे पहले भी कई बार रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News