ऋषिकेश- लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि ने नितिन गडकरी का किया आभार व्यक्त
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश- लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि ने केंद्र सरकार का ऑल वेदर रोड में भविष्य में पेड़ काटने के स्थान पर ट्रांसप्लांट करने के लिए आभार व्यक्त किया है। बता दें कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि ऑल वेदर रोड योजना के तहत अब किसी भी सड़क को बनाने के लिए पेड़ नहीं काटे जाएंगे। इस परियोजना के तहत अब पेड़ों के ट्रांसप्लांट पर काम किया जाएगा । सभी पेड़ों को ट्रांसप्लांट करने के लिए स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ ही पूर्व सैनिकों की मदद भी ली जाएगी। लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि के अध्यक्ष विशाल बिंदल ने बताया कि गत वर्ष 7 सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करने के लिए काटे जा रहे पेड़ को देख कर पर्यावरण कार्यकर्ता हेमंत गुप्ता ने विरोध किया था। उन्होंने 8 सितंबर को इस विषय पर फॉरेस्ट कंजरवेटर शिवालिक वृत्त देहरादून को पत्र देकर कटान रुकवाया। 10 जनवरी को ऋषिकेश के फॉरेस्ट रेंजर, पीडब्ल्यूडी के जेइ सीपी सिंह ने पेड़ो के विस्थापन का कार्य करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि जाकिर के साथ वार्ता की। परिणाम स्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने 3 जनवरी के पत्र द्वारा एजेंसी को बुलाकर वर्तमान में हरिद्वार मार्ग के पीपल के 7 वृक्ष अन्यत्र ट्रांसप्लांट कराए जा रहे हैं। नितिन गडकरी ने सहर्ष घोषणा की है कि भविष्य में सभी वृक्ष काटने के स्थान पर ट्रांसप्लांट किए जाएंगे । जिसका क्लब के सदस्यों ने स्वागत किया व आभार जताया।
