ऋषिकेश-कोरोना की तीसरी लहर के चलते 10 जनवरी से वृद्ध, हेल्थ व फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगेगी बूस्टर डोज

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून – कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए कोविड की दो डोज लगा चुके साठ वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को सुरक्षा कवच देने के लिए 10 जनवरी से बूस्टर डोज दी जाएगी। मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने सभी जिलाधिकारियों को इसकी पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उत्तराखंड में पिछले एक हफ्ते में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए सरकार ने भी महामारी को फैलने से रोकने के लिए उपाय शुरू कर दिए हैं।
मुख्य सचिव ने सचिवालय में कोविड की तीसरी लहर की संभावना से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने जिलों में कोविड की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने व प्रतिदिन कोविड को लेकर उच्चाधिकारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड अनुकूल व्यवहार का अनुपालन सुनिश्चित हो आमजन को मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई हो। उन्होंने निर्देश दिए कि टेस्टिंग बढ़ाए जाने के साथ ही नियमित तौर पर डाटा अपलोड किया जाए, ताकि स्थिति का सही से अनुमान लगाया जा सके।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News