ऋषिकेश- लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के रक्तदान शिविर में 75 छात्रों ने किया रक्तदान
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल ने सीमा डेंटल कॉलेज एवं एम्स ब्लड बैंक ऋषिकेश के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें लगभग 75 छात्रों ने रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ सीमा डेंटल कॉलेज के चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर किया।
इस मौके पर चेयर पर्सन लायन धीरज मखीजा एवं सुशील छाबड़ा ने बताया कि लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल, सीमा डेंटल कॉलेज एवं एम्स ऋषिकेश के साथ पूर्व में भी कई बार रक्तदान शिविर लगा चुका है। इसी क्रम में इस बार भी क्लब द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें साइनो डेंट की फाउंडर एवं सीईओ डॉक्टर अनमोल बगरिया उनकी पूरी टीम एवं सीमा डेंटल कॉलेज के छात्र छात्राओं ने भी रक्तदान किया। डॉ. अमित गुप्ता ने सभी छात्र छात्राओं का सर्वप्रथम अभिवादन किया एवं रक्तदान जो कि एक महादान है ऐसे परोपकार के लिए छात्रों के अंदर उत्साह देखकर उनका धन्यवाद किया। एम्स ब्लड बैंक से डॉ. गीता नेगी ने लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के सदस्यों का अभिवादन किया। उन्होने क्लब द्वारा समय-समय पर किए ऐसे कार्यक्रम की तारीफ की। डॉ. हिमांशु ऐरन ने बताया कि लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल जो एक समाज हित के लिए कार्य करती आ रही है। उनसे समाज के और लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए और आगे आकर समाज हित के लिए अग्रसर होना चाहिए। क्लब अध्यक्ष हिमांशु अरोड़ा ने बताया कि लगभग 90 बच्चों ने रक्तदान शिविर में रजिस्ट्रेशन कराया जिसमें कुल 75 यूनिट रक्त दान किया गया। कार्यक्रम में हिमांशु अरोड़ा, मयंक गुप्ता, पंकज चंदानी, आशीष अग्रवाल, धीरज मखीजा, सुशील छाबड़ा एवं सुमित चोपड़ा मौजूद रहे।
