ऋषिकेश- दिल्ली में अमित शाह सहित भाजपा नेताओ से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून – विधानसभा चुनाव की रणनीति के सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा आला नेताओ से मिलने दिल्ली पहुंचे। उत्तराखण्ड में बीजेपी आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अभी से रोड मैप बनाने में जुट गई है। गृह मंत्री अमित शाह के घर रात 9:30 बजे शुरू हुई बैठक करीब तीन घण्टे चली और 12:30 पर संपन्न हुई। धामी की भाजपा नेताओं से मुलाकात को अहम माना जा रहा है और उनकी इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में संगठन के शीर्ष पदाधिकारी भी मौजूद थे। शाह के उत्तराखंड के सियासी दौरे के सिर्फ दो दिन बाद ही यह हाई लेवल मीटिंग शाह के आधिकारिक निवास पर हुई।
देहरादून में एक जनसभा कर उत्तराखंड चुनाव अभियान का बिगुल फूंक चुके अमित शाह के दौरे के दो दिन बाद ही हुई इस बैठक को लेकर राजनीतिक सुगबुगाहटें भी चल रही हैं। शाह के घर सोमवार देर रात तक हुई इस बैठक में धामी के साथ भाजपा के उत्तराखंड प्रमुख मदन कौशिक, उत्तराखंड चुनाव प्रभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, पार्टी के महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा जैसे नेता उपस्थित थे। साफ तौर पर यह बैठक उत्तराखंड चुनाव के सिलसिले में भावी रणनीतिक मुद्दे तय करने को लेकर हुई।
आगामी दिसम्बर तक किस किस नेता का उत्तराखंड में दौरा होगा, किसकी कहां पब्लिक मीटिंग होगी, किसे कहां से टिकट दिया जाएगा, इन तमाम बातों पर चर्चा हुई। वर्तमान हालत क्या है इस की समीक्षा भी हुई। बीजेपी के लक्ष्य ‘अबकी बार 60 पार’ के लिए एक तरह से रोडमैप बना। कौशिक ने बताया अब तक फोकस संगठन पर था, अब पब्लिक मीटिंग पर होगा। हमने दिसम्बर तक का चुनावी प्लान तैयार किया है। यह बैठक पीएम के आगामी केदारनाथ दौरे को लेकर भी अहम समझी जा रही है। गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को राज्य की महत्वाकांक्षी ‘घसियारी कल्याण योजना’ का शुभारंभ करने के लिए शाह उत्तराखंड पहुंचे थे।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों ही राज्यों में भाजपा केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को ही प्रमुख तौर पर प्रचारित करने की योजना में है। यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार का दोबारा सत्ता में आना 2024 के आम चुनाव में बीजेपी की जीत की बड़ी गारंटी के तौर पर समझा जा रहा है। वहीं उत्तराखंड में पांच साल के कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्री देने और इसी साल दो बार सीएम के चेहरे का बदलाव करने के बाद पार्टी के पास मोदी का चेहरा ही तुरुप चाल हो सकती है। शाह भी अपने उत्तराखंड दौरे पर साफ संकेत देकर गए जब उन्होंने इस बात का भरपूर ज़िक्र किया कि कैसे राज्य में 85000 करोड़ रुपये के सड़क और रेल प्रोजेक्ट मोदी के विजन के चलते शुरू किए गए। शाह ने अपने भाषण में कहा मैंने एक बार कहा था कि अटल ने उत्तराखंड की नींव रखी और मोदी इसका निर्माण करेंगे मेरे शब्द सच हो रहे हैं। मोदी और धामी की टीम राज्य के हर घर में खुशहाली लाएगी।

%d bloggers like this:
Breaking News