ऋषिकेश- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच नवंबर को उत्तराखंड दौरा,उम्मीद प्रदेश को मिलेगी कोई बड़ी सौगात
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून – प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के केदारनाथ धाम दर्शन के लिए 4 या 5 नवंबर को उत्तराखंड के केदारनाथ पहुंच सकते हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी कपाट बंद होने से पहले बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। बीते 7 अक्टूबर को जब पीएम मोदी उत्तराखंड दौरे पर आए थे तो केवल ऋषिकेश जाकर एम्स के कार्यक्रम में शरीक हुए थे। हालांकि पीएम के इस दौरे के पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के केदारनाथ जाकर पुनर्निर्माण कार्यों का जायज़ा लेने और पीएम के सलाहकार भास्कर खुल्बे के भी केदारनाथ पहुंचने से तब भी माना जा रहा था कि पीएम केदारनाथ जाएंगे लेकिन उस वक्त वह नहीं गए। अब भाई दूज के दिन केदारनाथ धाम यात्रा छह महीनों के लिए बंद होने वाली है, तो फिर पीएम मोदी के दौरे की संभावना बन गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री दीवाली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाते हैं। इसलिए इस बार हो सकता है कि उत्तराखंड में चीन व नेपाल बॉर्डर पर तैनात सैनिकों से मिलने के बाद पीएम मोदी केदारनाथ भी पहुंचें। हालांकि समाचार एजेंसी एएनआई ने कौशिक के हवाले से पीएम के केदारनाथ जाने की तारीख 9 नवंबर बताई, लेकिन तब तक धाम के कपाट बंद हो चुके होंगे। इसलिए इस तारीख को लेकर स्पष्टता नहीं है। मोदी के केदारनाथ आने की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
