ऋषिकेश- 7 से 14 अक्टूबर तक धूमधाम से आयोजित होगा कुंजापुरी पर्यटन विकास मेला

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – आगामी सात से 14 अक्टूबर तक नरेंद्रनगर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला कुंजापुरी पर्यटन विकास मेला धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। शनिवार को मेले की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आला अधिकारियों के साथ तहसील सभागार में एक बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि बीते वर्षों में कोविड-19 महामारी के सुरक्षा दृष्टिगत कुंजापुरी पर्यटन विकास मेला आयोजित नहीं किया गया था। वर्तमान स्थिति काफी हद तक सामान्य बनी हुई है। इसके तहत कुंजापुरी पर्यटन विकास मेले को इस वर्ष आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कहा कि इस मेले के माध्यम से विकास की संभावनाओं को धरातल पर लाने के लिए वह सदैव प्रयासरत रहेंगे। बीते मेलों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने यहां क्षेत्र को कई सौंगातें दी हैं। जिनसे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है।
मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष मुनिकीेरेती-ढालवाला रोशन रतूड़ी, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, कर निरीक्षक मुनिकीरेती पालिका अनुराधा गोयल, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
राफ्टिंग करने वालों को सुरक्षा हेतु मिलेगी एंबुलेंस – सुबोध उनियाल
गंगा में राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा सुविधा मुहैया कराने हेतु पर्यटकों को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे राफ्टिंग के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।
शनिवार को नरेंद्रनगर तहसील सभागार में राफ्टिंग कारोबारियों और पर्यटन अधिकारियों के संग आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण साहसिक खेलों की गतिविधियां पूर्ण रूप से बंद हैं। इससे राफ्टिंग कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए साहसिक खेल गंगा में राफ्टिंग को खोलने का निर्णय लिया गया है। बताया कि बैठक में जीएनआर कमेटी(गंगा नदी रोटेशन समिति) को राफ्टिंग के दौरान सुरक्षा हेतु एक एंबुलेंस देने के लिए निर्देशित किया गया है। बताया कि बैठक में जीएनआर कमेटी के बीते वर्षों के आय-व्यय के ब्यौरों के बारे में भी चर्चा की गई।

%d bloggers like this:
Breaking News