ऋषिकेश- उत्तराखंड पर आये 2022 के चुनावी सर्वे मे प्रदेश मे भाजपा सरकार की वापसी
त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून – उत्तराखण्ड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दलों की रस्साकशी के बीच चुनाव सर्वेक्षण से राजनीती गर्माने लगी है। एबीपी-सी वोटर एजेंसी के मुताबिक चुनाव से पहले उत्तराखंड की जनता का मूड जानने की कोशिश की गई। इसमें प्रदेश की विधानसभा की सभी 70 सीटों के मतदाताओं का मूड जाना गया। एजेंसी के सर्वे में कहा गया है कि विधानसभा की कुल 70 में 44 से 48 सीटों पर मतदाताओं का रुझान अभी भाजपा के पक्ष में दिखा। वहीं कांग्रेस के पक्ष में 19 से 23 सीटें जाती दिख रही हैं। एजेंसी के सर्वे की मानें तो सबसे ज्यादा चौंकाने वाले रुझान आम आदमी पार्टी को लेकर आए हैं। हाल के दिनों में राजनीतिक रूप से अत्यंत सक्रिय दिख रही और फ्री बिजली-पानी जैसे चुनावी मुद्दों के साथ चर्चा में आई AAP को इस सर्वे में महज 0 से 4 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। बता दें कि उत्तराखंड में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। उस चुनाव में भाजपा के हिस्से में 57 सीटें आई थीं । 2017 में कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां सिर्फ 11 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार को जीत दिला पाई थी। हालांकि साल 2021 में भाजपा ने राज्य में दो बार मुख्यमंत्री के पद पर बदलाव किया, जिसके बाद विपक्षी दलों ने उस पर 4 साल के कार्यकाल के बाद फेल होने का आरोप लगाया। 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया था। लेकिन कुछ महीने पहले त्रिवेंद्र को हटाकर पार्टी ने पहले तीरथ सिंह रावत और फिर पुष्कर सिंह धामी को सीएम बनाया है।
