ऋषिकेश- टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने दो डग्गामार बसों को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने दिल्ली से ऋषिकेश के बीच चल रही डग्गामार बसों के विरोध में अभियान चलाया। इस दौरान गढ़वाल टैक्सी यूनियन द्वारा दो बसों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। टैक्सी यूनियन के नरेंद्र सिंह वर्मा और हेमंत डंग द्वारा पकड़ी गई बसों के बारे में बताया गया कि यह बसें पिछले काफी समय से दिल्ली से ऋषिकेश के बीच अवैधानिक रूप से संचालित की जा रही है।जिसमें एक बस पर आगे की साइड में ऑटो टेंपो का नंबर तथा पिछली साइड में बस की नंबर प्लेट लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि बस को पकड़ने के बाद जब उत्तराखंड परिवहन विभाग के अधिकारियों को बसों के संदर्भ में सूचित किया गया तो वहां से बताया गया की आज रविवार है, आप इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके बाद यूनियन के सदस्य एकत्रित हुए और उक्त दोनों बसों की सूचना लिखित रूप से पुलिस को दी। दोनों बसों को संयुक्त रोटेशन बस स्टैंड पर स्थित पुलिस चौकी को सौंप दिया और कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को सूचित कर दिया गया है ।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के डग्गामार बसों के संचालन से स्थानीय टैक्सी चालकों के व्यवसाय पर प्रभाव पड़ रहा है। जिसके कारण उनके भूखे मरने की नौबत आ गई है। उन्होंने मांग की है कि इस प्रकार की बसों के विरुद्ध परिवहन विभाग को अभियान चलाया जाना चाहिए।
