ऋषिकेश- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं उत्तराखंड

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कल दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। वह 19 और 20 अगस्त को देहरादून, हरिद्वार में ताबड़तोड़ बैठकों में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही नड्डा प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी और टोली बैठक में भी भाग लेंगे। नड्डा के आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा तैयारियों में जुट गई है। उनके दौरे को देखते हुए तीनों प्रदेश महामंत्रियों को तीन-तीन बैठकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान उनके स्वागत समेत अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा 19 अगस्त की सुबह दिल्ली से जौलीग्रांट हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वह रायवाला में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे। इससे पहले जौलीग्रांट से रायवाला तक उनका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिन में विधायकों, सांसदों, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकायों के अध्यक्षों, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, मोर्चों के जिलाध्यक्षों के साथ 11 बैठकों में भाग लेंगे। एक बैठक हरिद्वार शहर और शेष हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र से लगे होटल में होंगी। राज्य में चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां ज़ोर शोर से तैयारियों में जुट गई है। हाल ही में भाजपा ने जन आशीर्वाद रैली निकाली थी।
कार्यकर्ताओं में जान फूंकने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड आ रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का पहले जुलाई में उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित था तब प्रदेश सरकार में हुए नेतृत्व परिवर्तन के कारण इसे टाल दिया गया था।

%d bloggers like this:
Breaking News