ऋषिकेश- 8 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और 21 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड में

त्रिवेणी न्यूज 24
देहरादून – केंद्रीय गृह मन्त्री अमित शाह का उत्तराखण्ड दौरा निर्धारित हो गया है, वह आगामी 8 अगस्त को उत्तराखंड आएंगे। 8 अगस्त को उनका चीन सीमा से सटी नेलांग घाटी में आइटीबीपी के जवानों के साथ मुलाकात का कार्यक्रम है। इससे पहले वह मसूरी में भी आइटीबीपी के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राज्य के प्रोटोकाल मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि गृह मंत्री के दौरे का प्रस्तावित कार्यक्रम मिला है। फाइनल कार्यक्रम एक-दो दिन में मिलने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक शासन को मिले कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाह आठ अगस्त को सुबह दिल्ली से मसूरी पहुंचेंगे। वहां आइटीबीपी (भारत तिब्बत सीमा पुलिस) के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद गृह मंत्री नेलांग घाटी के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां कुछ समय आइटीबीपी के जवानों के साथ बिताएंगे। फिर वह मसूरी आएंगे और बाद में दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
उधर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर 21 अगस्त को देहरादून पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह पार्टी संगठन की विभिन्न बैठकों में शिरकत करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रम की पुष्टि की है।

You may have missed

%d bloggers like this:
Breaking News