ऋषिकेश- अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पीटीए शिक्षकों ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – रविवार को अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पीटीए शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने पीटीए शिक्षकों को मिल रहे न्यूनतम वेतनमान, मानदेय की समस्या के निराकरण की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पीटीए अध्यापक विगत वर्षों से विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनको विद्यालय के निजी स्रोतों द्वारा अल्पमत मानदेय दिया जा रहा है। पीटीए शिक्षकों को मानदेय की श्रेणी में लाने के लिए सरकार द्वारा एक शासनादेश पूर्व में जारी किया गया था। जिसमें हरिद्वार, उधम सिंह नगर, रूद्रपुर और अल्मोड़ा जनपदों के शिक्षकों को मानदेय दिया जा चुका है। जबकि देहरादून जनपद के शिक्षकों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि 30 जून के बाद कार्य कर रहे पीटीए शिक्षकों को भी इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत पीटीए शिक्षकों के साथ सरकार न्याय करेगी व उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। नियमानुसार सरकार द्वारा पीटीए शिक्षकों को लाभ दिया जाएगा।

%d bloggers like this:
Breaking News