ऋषिकेश- आपदा से हुए नुकसान पर शीघ्र शुरू हों कार्य – सुबोध उनियाल
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – दोगी पट्टी की ग्राम सभा क्यारा में बीते दिनों बादल फटने से हुई तबाही का कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जायजा लिया। आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए मकान एवं अन्य नुकसानों का निरीक्षण कर उन्होंने मौके पर ही मानकों के अनुरूप मुआवजा दिया। इसके साथ ही आला अधिकारियों को खेतों आदि के नुकसान पर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

बीते मंगलवार को दोगी पट्टी की क्यारा ग्राम सभा के सैण भंगेली तौक में भारी बारिश के दौरान बादल फट गया था। इसकी चपेट में आकर यहां एक मकान एवं कई खेत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आपदा स्थल का निरीक्षण किया इसमें उन्होंने यहां एक मकान एवं अन्य कुछ कच्चे निर्माणों को क्षतिग्रस्त पाया। इन सभी को मौके पर ही मानकों के अनुरूप कैबिनेट मंत्री ने मुआवजा राशि चेक के रूप में दी। उन्होंने बताया कि आला अधिकारियों को यहां खेतों और अन्य हुए नुकसान पर आपदा प्रबंधन मद व मनरेगा के तहत शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गये हैं। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर मौ. आरिफ खान, उपखंड अधिकारी सौरभ चमोली एवं अन्य विभागों के अधिकारी, प्रधान सुल्तान सिंह, गजेंद्र राणा आदि मौजूद थे।
