ऋषिकेश- सड़क दुर्घटना में पूर्व प्रधान अनिता असवाल के पति कमल सिंह असवाल की मौत
त्रिवेणी न्यूज 24
ऋषिकेश – श्यामपुर बाईपास मार्ग गुमानीवाला के समीप स्कूटी व मोटरसाइकिल की भिड़ंत में स्कूटी सवार ऋषिकेश ग्राम सभा की पूर्व प्रधान एडवोकेट अनीता असवाल के पति कमल सिंह असवाल की मौत हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 9:00 बजे गुमानीवाला अमित ग्राम निवासी कमल सिंह असवाल (50 वर्ष) पुत्र बुद्धि सिंह असवाल अपनी स्कूटी पर घर की ओर आ रहे थे। इसी बीच ऋषिकेश से श्यामपुर की ओर जा रहे एक बाइक सवार के साथ उनकी स्कूटी की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में घायल बाइक व स्कूटी सवार दोनों व्यक्तियों को स्थानीय नागरिकों ने राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कमल सिंह असवाल (50 वर्ष) पुत्र बुद्धि सिंह असवाल निवासी गली नंबर- 14 अमित ग्राम गुमानीवाला को मृत घोषित कर दिया। उधर, दुर्घटना में घायल बलवीर सिंह (25 वर्ष) निवासी गुर्जर प्लॉट, गुमानीवाला भी गंभीर रूप से घायल है, जिसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया गया था।
कमल सिंह असवाल, नगर निगम गठन से पूर्व देहरादून जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत रही ऋषिकेश ग्राम पंचायत की प्रधान अनीता असवाल के पति हैं। अनीता असवाल बार एसोसिएशन ऋषिकेश की भी सदस्य हैं। उनके पति के निधन की सूचना पाकर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सजवाण भी देर रात राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। राजकीय चिकित्सालय पहुंचे कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है।
