सड़कों की हकीकत देखने सुबह 6 बजे निरीक्षण पर निकले लोक निर्माण विभाग के सचिव
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान के बीच लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने शनिवार सुबह देहरादून के विभिन्न इलाकों का दौरा कर सड़क सुधार कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुबह करीब 6 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण शुरू किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों के साथ सड़कों की मौजूदा स्थिति देखी और विभिन्न स्थानों पर चल रहे गड्ढा भरान एवं सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी सड़क की स्थिति खराब है, वहां सुधार कार्य में तेजी लाई जाए और निर्धारित समय के भीतर काम पूरा किया जाए।
18 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य
सचिव लोक निर्माण विभाग ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों से इस अभियान को प्राथमिकता के साथ पूरा करने और काम में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा।
उन्होंने कहा कि सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी गति पर भी नजर रखी जानी चाहिए, ताकि तय समयसीमा में आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराई जा सकें।
कई प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
सचिव का निरीक्षण कार्यक्रम कालीदास रोड टर्न से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट सहित कई प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, मरम्मत कार्यों और गड्ढों को भरने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन स्थानों पर तत्काल सुधार की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा पर जोर
पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि सड़क सुधार का सीधा असर आम लोगों की सुविधा और सड़क सुरक्षा पर पड़ता है। इसलिए विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में खराब सड़कों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित करें।
उन्होंने प्रदेशभर में चल रहे गड्ढामुक्त सड़क अभियान की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता अरुण पांडेय, अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी के अलावा अभियंता प्रवीण कुश, दीपक, सुरेश तोमर और विपुल सैमी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

